नया घर, नई उम्मीदें : माननीय रक्षा राज्य मंत्री ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में ‘बछेंद्री’ हॉस्टल का किया उद्घाटन

*‘हर काम देश के नाम

*नया घर, नई उम्मीदें : माननीय रक्षा राज्य मंत्री ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में ‘बछेंद्री’ हॉस्टल का किया उद्घाटन*

 

*देहरादून

 

सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 18 अगस्त को माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के आगमन से एक यादगार एवं गौरवपूर्ण अवसर देखने को मिला। माननीय रक्षा राज्य मंत्री का विद्यालय के प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर, उप प्रधानाचार्या कमांडर अर्चना चौधरी तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर अजय सिंह पवार ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

विद्यालय आगमन पर माननीय मंत्री जी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात कैडेट्स द्वारा गरिमापूर्ण ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवनिर्मित ‘बछेंद्री’ बालिका छात्रावास का उद्घाटन रहा। यह महत्वपूर्ण सुविधा बालिका कैडेट्स के लिए आवासीय आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

माननीय मंत्री जी ने कैडेट्स से आत्मीय संवाद किया। इसके पश्चात कैडेट्स के साथ समूह छायाचित्र लिया गया तथा कैडेट्स मेस में उनके साथ दोपहर का भोजन किया। इस अनौपचारिक संवाद ने युवा कैडेट्स को अपने अनुभव साझा करने तथा माननीय मंत्री जी से संवाद करने का एक शानदार अवसर प्रदान किया।

कैडेट्स को संबोधित करते हुए श्री संजय सेठ ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल को उत्कृष्ट NDA परिणामों के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं नेतृत्व विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

उन्होंने नए छात्रावास को “महिला सशक्तीकरण, समान अवसर और एक नए युग की शुरुआत” का प्रतीक बताया। उन्होंने कैडेट्स से प्रामाणिक इतिहास पढ़ने, देश-दुनिया की घटनाओं से अवगत रहने तथा समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना के साथ राष्ट्रसेवा के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।